शिक्षा
Trending

चौ. सुघर सिंह फार्मेसी कॉलेज में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

इटावा एक्सप्रेस सम्पादक राजीव यादव

चौ. सुघर सिंह फार्मेसी कॉलेज में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

जसवंतनगर, इटावा। चौ. सुघर सिंह फार्मेसी कॉलेज, जसवंतनगर, इटावा में विश्व फार्मासिस्ट दिवस-2026 के अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को फार्मेसी शिक्षा, स्वास्थ्य क्षेत्र में फार्मासिस्ट की भूमिका तथा कॉलेज की शैक्षणिक एवं व्यावहारिक गतिविधियों से परिचित कराना रहा। इस वर्ष विश्व फार्मासिस्ट दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना” रही। इस अवसर पर विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता एवं फार्मेसी के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक, परिचर्चा, पोस्टर प्रस्तुतीकरण, वैज्ञानिक कार्टून, फार्मेसी प्रश्नोत्तरी, रील निर्माण, पर्चा निर्माण एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए दवाओं के सुरक्षित उपयोग, रोगी परामर्श, स्वास्थ्य जागरूकता एवं फार्मासिस्ट की जिम्मेदारियों को रचनात्मक माध्यमों से प्रस्तुत किया। ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को फार्मेसी शिक्षा की संरचना, प्रयोगशाला कार्य, अनुशासन, नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों, व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा फार्मेसी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं करियर के अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि फार्मासिस्ट की भूमिका केवल दवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि रोगी परामर्श, दवाओं के सुरक्षित एवं उचित उपयोग तथा जनस्वास्थ्य जागरूकता में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कॉलेज के प्रबंध निदेशक श्री अनुज मोंटी यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में फार्मेसी का क्षेत्र तेजी से विस्तृत हो रहा है और विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, शोध, उद्योग, अस्पताल एवं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्रों में अनेक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ नवीन तकनीकों, व्यावहारिक कौशल एवं सामाजिक उत्तरदायित्व पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन एवं निरंतर सीखने की भावना के साथ अपने भविष्य का निर्माण करने का आह्वान किया तथा विश्व फार्मासिस्ट दिवस की शुभकामनाएं दीं। कॉलेज के निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि फार्मेसी स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारी पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार फार्मासिस्ट समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा दवाओं के सुरक्षित एवं तर्कसंगत उपयोग को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संदेश के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button