यूपीआई ट्रांजैक्शन शुल्क के विरोध में व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन
इटावा एक्सप्रेस सम्पादक राजीव यादव

यूपीआई ट्रांजैक्शन शुल्क के विरोध में व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन
इटावा। 15 अक्टूबर से 2,000 रुपये से अधिक के यूपीआई लेनदेन पर 0.04 प्रतिशत ट्रांजैक्शन शुल्क व्यापारियों पर लगाए जाने के आदेश के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने जिलाधिकारी इटावा के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष आलोक दीक्षित एवं जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार कठेरिया के नेतृत्व में दिया गया।
ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि व्यापारी पहले से ही विभिन्न प्रकार के करों का भुगतान कर रहे हैं। ऐसे में यूपीआई लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने से व्यापार प्रभावित होगा और बाजार में मंदी का नया दौर शुरू हो सकता है। इसका प्रतिकूल प्रभाव सरकार के राजस्व पर भी पड़ने की आशंका है। व्यापारियों ने प्रधानमंत्री से व्यापार हित में यूपीआई ट्रांजैक्शन पर प्रस्तावित शुल्क वापस लेने के निर्देश जारी करने की मांग की।
व्यापारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया और कैशलेस इकोनॉमी के आह्वान पर देश के छोटे-बड़े व्यापारियों ने यूपीआई को खुले मन से अपनाया है। गली-कूचे के छोटे दुकानदार से लेकर बड़े कारोबारी तक डिजिटल भुगतान का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे समय में यूपीआई लेनदेन पर किसी भी प्रकार का शुल्क लगाए जाने से व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि यूपीआई पर शुल्क लगाने से डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के बजाय व्यापारी और ग्राहक दोबारा नकदी लेनदेन की ओर लौट सकते हैं, जिसका असर देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। संगठन ने सरकार से डिजिटल लेनदेन को पूरी तरह नि:शुल्क और सुरक्षित बनाए रखने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष हाजी शेख आफताब, अशोक जाटव, हाजी हन्नान मंसूरी, चमन वारसी, युवा जिलाध्यक्ष रियाज अब्बासी, युवा शहर अध्यक्ष सोनू अग्रवाल, उद्योग मंच जिला अध्यक्ष राहुल दीक्षित, बढ़पुरा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, मंडी अध्यक्ष ईबादुर्हमान, उद्योग मंच महामंत्री धर्मेन्द्र प्रजापति, सिकंदर वारसी, ताहा शालीमार, लाइन पार शहर उपाध्यक्ष बृजेश राठौर, युवा जिला उपाध्यक्ष शेख नबाब, धर्मेन्द्र यादव, हफीज खान, लखन सोनी, आफताब खान, रेडीमेड एसोसिएशन अध्यक्ष देव गुप्ता, मुदित दीक्षित, आमिर, हिमांशु श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।




