हर घर तिरंगा अभियान-2026 को जन-आंदोलन बनाने पर जोर, डीएम ने दिए व्यापक तैयारियों के निर्देश
इटावा एक्सप्रेस सम्पादक राजीव कुमार यादव 9219240048

हर घर तिरंगा अभियान-2026 को जन-आंदोलन बनाने पर जोर, डीएम ने दिए व्यापक तैयारियों के निर्देश 
इटावा, 4 अगस्त। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान के सफल, व्यापक एवं गरिमामयी आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा विभागवार तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का जन-आंदोलन है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा अन्य सार्वजनिक भवनों पर निर्धारित तिथियों में राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराया जाए। साथ ही प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जाए।जिलाधिकारी ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, जनजागरूकता रैलियों, तिरंगा यात्राओं, प्रभात फेरियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय में नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश देते हुए कहा कि अभियान की सतत निगरानी की जाए। साथ ही सभी विभाग अपने कार्यालयों में तिरंगा फहराने के अलावा कर्मचारियों एवं आमजन को भी अभियान से जोड़ें। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग में फ्लैग कोड ऑफ इंडिया का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने और तिरंगे की गरिमा बनाए रखने पर विशेष बल दिया।बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के लिए दो करोड़ तथा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों के लिए एक करोड़ तिरंगों का निर्माण स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा संगठनों, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र तथा स्काउट-गाइड सहित सभी सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से अपने आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण कर तैयारियों की समीक्षा करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, आईएएस कोमल पुनिया, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, उप कृषि निदेशक सतीश कुमार पाण्डेय, पर्यटन अधिकारी मोहित मनोहर सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




