
चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ दो बाल अपचारी गिरफ्तार 
ब्यूरो रिपोर्ट, इटावा एक्सप्रेस। मैनपुरी। बरनाहल थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो बाल अपचारियों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़े गए दोनों की उम्र करीब 16 और 17 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को बरनाहल-दिहुली मार्ग पर ग्राम प्रहलादपुर जाने वाले तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दूसरी मोटरसाइकिल के आगे गिर गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को मौके पर पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए बाल अपचारियों ने अपना नाम प्रशान्त पुत्र लाखन सिंह, निवासी नगला बगिया, थाना करहल, मैनपुरी, उम्र करीब 17 वर्ष तथा प्रांशु पुत्र उमेशचन्द्र, निवासी ग्राम दोबई, थाना करहल, मैनपुरी, उम्र करीब 16 वर्ष बताया। इनके कब्जे से होंडा एसपी-125 संख्या UP14FJ2347 तथा हीरो स्प्लेंडर प्लस संख्या UP83 BH 1669 बरामद की गईं।
बरामदगी के संबंध में बरनाहल थाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों बाल अपचारियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुरुद्ध प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल राहुल कुमार, कांस्टेबल पीयूष यादव, रिजर्व कांस्टेबल इमरान खान तथा रिजर्व कांस्टेबल ओमराज सिंह शामिल रहे।




