जन जन की बातताजा ख़बरेंदेशप्रशासनब्रेकिंग न्यूज़राज्य

रक्षाबंधन पर महिलाओं को मिली निःशुल्क बस यात्रा की सौगात

इटावा एक्सप्रेस सम्पादक राजीव यादव

रक्षाबंधन पर महिलाओं को मिली निःशुल्क बस यात्रा की सौगात  इटावा, 26 अगस्त 2026। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को बड़ी सौगात दी गई है। 27, 28 एवं 29 अगस्त को सभी माताओं, बहनों एवं बेटियों को एक सहयात्री सहित उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की सभी महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।  जनपद इटावा में योजना का शुभारंभ विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड, कानपुर के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने की। इस दौरान इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ से मुख्यमंत्री के संबोधन एवं कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया।

← Back

Thank you for your response. ✨

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया गया। रक्षाबंधन के दृष्टिगत 27 अगस्त की सुबह से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक सभी महिलाओं एवं उनके साथ एक सहयात्री को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को मायके एवं परिवारजनों तक सुरक्षित, सुगम और निःशुल्क आवागमन उपलब्ध कराना है। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के अंतर्गत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं वोटर आईडी अथवा आधार कार्ड दिखाकर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इससे वरिष्ठ महिलाओं को विभिन्न पर्यटन एवं तीर्थ स्थलों की यात्रा का भी लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने कहा कि नारी शक्ति का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि महिलाएं परिवार के साथ-साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर और वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के जीवन एवं संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी क्षमता और प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। इस अवसर पर सदर विधायक ने महिलाओं को पटका पहनाकर सम्मानित किया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में समूह की महिलाओं ने संगीत एवं प्रेरणादायी गीतों की प्रस्तुतियां दीं। महिलाओं ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उत्साहपूर्ण गीत भी प्रस्तुत किए, जिससे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के दौरान लगभग 1500 दीदियों को साड़ी एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने मुख्य अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया तथा अतिथियों को साड़ी एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, महिला मोर्चा की बिरला शाक्य, भाजपा नेता विवेक शाक्य, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, आरएम कपिल देव, एआरएम मुकेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और बेटियां मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button