प्रशासन

जब महिलाएं जागरूक होंगी, तभी समाज सशक्त बनेगा: कल्पना राजौरिया

फिरोजाबाद ब्यूरो इटावा एक्सप्रेस

जब महिलाएं जागरूक होंगी, तभी समाज सशक्त बनेगा: कल्पना राजौरिया

  1. मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत कोमल फाउंडेशन द्वारा एवं उत्तर प्रदेश कोलिशन टू एम्पॉवर गर्ल्स (UPCEG) के सहयोग से महिला सशक्तिकरण जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन वीरांगना झलकारी बाई जूनियर हाई स्कूल, झलकारी नगर में किया गया।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रविशंकर प्रसाद, मिशन शक्ति अभियान की नोडल अधिकारी कल्पना राजौरिया तथा कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई।

मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रविशंकर प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का यह दायित्व है कि वह महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर प्रदान करने में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी कदम है। मिशन शक्ति अभियान की नोडल अधिकारी कल्पना राजौरिया ने कहा कि किशोरियों और महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता ही सशक्त नारी की पहचान है। जब महिलाएं जागरूक होंगी, तभी समाज सशक्त बनेगा। कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया ने कहा कि संस्था निरंतर महिलाओं और किशोरियों को सशक्त बनाने के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से कार्य कर रही है। हमारा उद्देश्य है कि हर बेटी अपने अधिकारों को जाने, आत्मनिर्भर बने और समाज में अपनी मजबूत पहचान बनाए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों, आत्म-सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और समान अवसरों के प्रति जागरूक किया गया।

अंत में सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने आस-पास की अन्य महिलाओं और किशोरियों को भी जागरूक करेंगी ताकि “सशक्त नारी – सशक्त समाज” की भावना को साकार किया जा सके। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. वी.पी. सिंह, निर्देशक रोहित कुमार शंखवार, थाना उत्तर के उप निरीक्षक जसवंत साहू, महिला आरक्षी संध्या, आशा देवी, सोनी देवी, योगेश, विनेश देवी, दिशा कुमारी, जितेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button