नगर पालिका परिषद इटावा में दूसरे दिन भी कर्मचारियों का धरना/प्रदर्शन जारी रहा
इटावा एक्सप्रेस राजीव कुमार

नगर पालिका परिषद इटावा में दूसरे दिन भी कर्मचारियों का धरना/प्रदर्शन जारी रहा
विगत कई माह से लम्बित कर्मचारियों की 11 सूत्री मांगों के समर्थन में पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार नगर पालिका प्रांगण में विशाल हंगामी प्रदर्शन किया। नगर पालिका परिषद इटावा के समस्त कक्ष में पूर्ण तालाबंदी करके समस्त कर्मचारी धरने पर बैठे।
धरने में नगर पालिका कर्मचारियों के समर्थन में कई विभागों के कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने भी धरने पर बैठकर कर्मचारियों की जायज मांगों का समर्थन किया। धरने की अध्यक्षता करते हुए राज्य स्वायत्त शासन कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष राजीव यादव ने कहा कि अधिशाषी अधिकारी इटावा द्वारा पिछले 27.9. 2022 को कर्मचारियों के साथ हुए लिखित समझौते के बावजूद भी एक माह गुजर जाने के बाद भी एक भी जायज मांगों की पूर्ति नहीं की है।
धरना प्रदर्शन में सम्मिलित 54 हटाए गए कर्मचारियों को सेवा से शीघ्र बहाल किया जाए। यह धरना कर्मचारियों की जायज मांगों की पूर्ति के बिना धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विनोद यादव ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन को समय रहते कर्मचारियों की उन जायज मांगों की पूर्ति कर देनी चाहिए जिन पर अधिशाषी अधिकारी द्वारा लिखित सहमति दी जा चुकी है। कर्मचारियों की जायज मांगों को जनपद के समस्त विभागों के कर्मचारियों का समर्थन जारी रहेगा। आवश्यकता पढ़ने पर इस मसले को जिला प्रशासन एवं शासन के संज्ञान में लाया जाएगा।
धरने को समर्थन देते हुए कर्मचारी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रान्तीय महामंत्री अरविंद धनगर ने कहा कि अधिशाषी अधिकारी द्वारा पूर्व में सभी मांगो पर लिखित सहमति देने के बात कर्मचारियों के वेतन में अवैध कटौती सिद्ध करती है की नगर पालिका प्रशासन पूर्णत: भ्रष्टाचार में लिप्त है। आवश्यकता पड़ने पर जिले का समस्त शिक्षक नगर पालिका प्रांगण में धरने पर बैठने का कार्य करेगा। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि बहन सोनी बाल्मीकि के साथ अभद्रता करने वाले सफाई नायक शेलेन्द्र कुमार को उसके मूल पद सफाई कर्मचारी पर शीघ्र न भेजा गया तो राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद बड़े आन्दोलन के लिए बाध्य होगी।
सिंचाई संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता ने धरने पर बैठे हुए साथियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज एक दर्जन साथी सिंचाई विभाग से धरने में आए हैं। अनिश्चित कालीन धरने में अगले दिन से सैकड़ों कर्मचारी साथी धरने में प्रतिभाग करेंगे और यह समर्थन तब तक जारी रहेगा जब तक नगर पालिका कर्मचारियों के साथ न्याय नहीं हो जाएगा।
सफाई मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष लाखन सिंह ने कहा कि नगर पालिका कर्मचारियों के शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन के बावजूद अधिशाषी अधिकारी द्वारा हठधर्मिता अपनाए जाने पर सफाई कार्य को पूर्ण रूप से ठप कर दिया जाएगा। कर्मचारी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रजनीश राठौर ने कहा कि अल्प वेतन भोगी कर्मचारियों की जायज मांगों के समर्थन में हमेशा पूर्ण क्षमताओं के साथ एसोसिएशन रहेगी। धरने में नगर पालिका परिषद इटावा के सभासदगण शरद बाजपेई, सभासद उमेश यादव, सभासद हीरू तोमर, प्रमेश कुशवाह, शफीक मस्त खां, सभासद शोभाराम सहित अन्य सभासदों ने कहा कर्मचारियों की जायज मांगों को तत्काल पूर्ण करने के लिए चेयरमैन एवं अधिशाषी अधिकारी आगे आना चाहिए। धरने को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला संरक्षक प्रदीप सक्सेना कर्मचारी नेता अनिल बाजपेई ,रामकरन सिंह शाक्य, उपेन्द्र वर्मा, ब्रजेश यादव, आशा रसोइया कर्मचारी नेता अमर सिंह, वीरेन्द्र बाल्मीकि, विशाल सिंह, के.पी.सिंह शाक्य, प्रशान्त गौड़, अनिल यादव, जयन्त शुक्ला, रजनीश राठौर,दिलीप यादव,सुनील बाल्मीकि, गोविन्द सिंह, श्रीमती मीरा यादव,श्रीमती कुसुम राठौर, श्रीमती अंजुम बनो, श्रीमती पूनम राठौर ,श्रीमती ज्योति बाल्मीकि, दिलीप यादव, सतीश यादव, उपेन्द्र यादव, मोहसिन खान,शिक्षक नेता रामविलास यादव, कौशलेन्द्र यादव ने भी संबोधन किया। धरने में पालिका एवं जिले के कई सैकड़ों कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया