शिक्षक दिवस पर शिक्षक सम्मान आवश्यक है विश्वनाथ प्रताप
रिपोर्ट इटावा एक्सप्रेस रजनीश यादव

शिक्षक दिवस पर शिक्षक सम्मान आवश्यक है विश्वनाथ प्रताप 
इटावा। प्रतिष्ठित विद्यालय एस.पी.एस. ग्लोबल स्कूल में शिक्षक दिवस त्रिचरणीय रंगारंग कार्यक्रम एवं विशेष चिंतन कार्यशाला के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन प्रार्थना सभा से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने शिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न गतिविधियां प्रस्तुत कीं। इसके बाद वरिष्ठ कक्षाओं के चयनित विद्यार्थियों ने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए अध्यापन कार्य किया। 
इस अवसर पर क्षेत्र के वयोवृद्ध शिक्षाविद एवं अवकाश प्राप्त प्रधानाचार्य श्री रामपाल सिंह के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत श्री नेत्रपाल, श्री नरेश बाबू, श्री सुनील यादव एवं श्री सुरेंद्र धनकर का विशेष स्वागत एवं सम्मान किया गया।
विद्यालय निदेशक श्री विश्वनाथ प्रताप उर्फ सोनू यादव एवं प्रधानाचार्य श्री भास्कर शर्मा ने अतिथियों को माल्यार्पण, अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के बाद अतिथियों ने विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव और विचार साझा किए तथा शिक्षक दिवस पर शिक्षण प्रतिज्ञा को दोहराया।
प्रधानाचार्य श्री भास्कर शर्मा ने अपने संबोधन में भगवान श्रीकृष्ण के गीता उपदेश से लेकर राष्ट्रपति पद से अवकाश प्राप्त करने के बाद शिक्षण कार्य को अपनाने वाले डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तक के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए शिक्षक की भूमिका एवं शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यालय निदेशक विश्वनाथ प्रताप उर्फ सोनू यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में शिक्षकों का योगदान अमूल्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस की सार्थकता तभी कायम रह सकती है, जब वर्तमान पीढ़ी शिक्षकों का सम्मान करे और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प ले।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




